समाधान शिविरों में आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से किया जा रहा समाधान : उपायुक्त अखिल पिलानी अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध निवारण सुनिश्चित करने के निर्देश, लंबित मामलों पर भी विशेष ध्यान देने को कहा Posted On: 24 Sep 2026 5:17PM नूंह, 24 सितंबर। जिला प्रशासन द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए आयोजित किए जा रहे समाधान शिविरों का लोगों को लाभ मिल रहा है। समाधान शिविरों में आने वाले नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका निवारण करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का समयबद्ध तरीके से समाधान हो तथा लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।  लघु सचिवालय के कांफ्रेंस हॉल में आयोजित समाधान शिविर में उपायुक्त अखिल पिलानी ने आमजन की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त होने वाली शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर निवारण सुनिश्चित करें। उन्होंने लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को इन मामलों का जल्द समाधान करवाने के निर्देश दिए।उपायुक्त ने कहा कि समाधान शिविर जिला प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं। इन शिविरों का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को एक ही स्थान पर सुनकर संबंधित विभागों के माध्यम से उनका समाधान करवाना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए तथा शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से अवगत करवाया जाए।उपायुक्त ने बताया कि वीरवार को आयोजित समाधान शिविर में कुल 7 शिकायतें प्राप्त हुई थीं। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि समाधान शिविरों में आने वाले लोगों को उनके विभाग से संबंधित योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराएं, ताकि पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठा सकें।उन्होंने कहा कि जिला एवं उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। आमजन इन शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं शिकायतें संबंधित अधिकारियों के समक्ष रख सकते हैं। प्रशासन द्वारा शिकायतों की सुनवाई के साथ-साथ उनके निवारण की भी लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके।   *****   (Release ID: 7202)