रोहतक जिला में आज से ओडीएफ प्लस वेरिफिकेशन की शुरुआत :- अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार
Reporter: हरियाणा जनसंपर्क
रोहतक जिला में आज से ओडीएफ प्लस वेरिफिकेशन की शुरुआत :- अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार
Posted On:
24 Sep 2026 5:05PM
रोहतक, 24 सितंबर। अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन फेज-2 के तहत रोहतक जिला में आज से ओडीएफ प्लस गांवों के वेरिफिकेशन का कार्य शुरू किया जा रहा है। हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान, नीलोखेड़ी के रिसोर्स पर्सन द्वारा जिला के चयनित गांवों का वेरिफिकेशन किया जाएगा।नरेंद्र कुमार ने बताया कि रिसोर्स पर्सन की टीम जिला के 25 गांवों में ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर जांच करेगी। इस दौरान गांव में स्कूल, ग्राम सचिवालय, आंगनवाड़ी केंद्र, ठोस कचरा प्रबंधन तथा तरल कचरा प्रबंधन सहित स्वच्छता से संबंधित व्यवस्थाओं का मौके पर निरीक्षण किया जाएगा। प्रत्येक खंड से पांच-पांच गांवों का चयन किया गया है। वेरिफिकेशन टीम द्वारा यह भी जांच की जाएगी कि संबंधित गांव खुले में शौचमुक्त हैं या नहीं तथा ओडीएफ प्लस के निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं या नहीं। रोहतक जिला की 142 ग्राम पंचायतों को मॉडल ओडीएफ प्लस घोषित किया गया है। इन ग्राम पंचायतों में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा ओडीएफ प्लस के निर्धारित मानकों को बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने बताया कि सरकार द्वारा जारी नए ठोस कचरा प्रबंधन नियम 2026 को भी जिला की सभी ग्राम पंचायतों में सरकार के आदेशानुसार जल्द से जल्द लागू किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं ग्राम पंचायतों को निर्देश दिए कि ठोस कचरा प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए तथा गांवों में स्वच्छता के निर्धारित मानकों को बनाए रखा जाए। स्वच्छ एवं सुंदर गांव बनाने के लिए ग्रामीणों की भागीदारी भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। ग्रामीण खुले में कचरा न डालें और ठोस एवं तरल कचरे का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करने में प्रशासन का सहयोग करें।
*****
(Release ID: 7197)