भारतीय रेल ने कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार टर्मिनल के बीच नई दैनिक रेल सेवा शुरू करने को स्‍वीकृति दी है, जिससे कानपुर और दिल्ली के बीच रात भर चलने वाली रेलगाड़ी का विकल्प उपलब्ध होगा। 14153/14154 संख्या वाली यह नई रेल सेवा, कानपुर सेंट्रल-आनंद विहार टर्मिनल-कानपुर सेंट्रल मेल के रूप में संचालित की जाएगी। कानपुर और दिल्ली के बीच सुविधाजनक रात्रिकालीन यात्रा ट्रेन संख्या 14153 कानपुर सेंट्रल-आनंद विहार टर्मिनल मेल- कानपुर सेंट्रल से रात्रि आठ बजकर चालीस मिनट पर प्रस्थान करेगी और अगली सुबह चार बजकर पचास मिनट पर आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। वापसी में, ट्रेन संख्या 14154 आनंद विहार टर्मिनल-कानपुर सेंट्रल मेल-आनंद विहार टर्मिनल से रात ग्‍यारह बजकर 25 मिनट पर खुलेगी और सुबह सात बजकर 25 मिनट पर कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में यह सेवा 428 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। कानपुर सेंट्रल से आनंद विहार टर्मिनल तक की यात्रा में 8 घंटे 10 मिनट का समय लगेगा, जबकि वापसी में भी 8 घंटे का समय लगेगा। इस नई दैनिक रेल सेवा में निम्‍नलिखित आठ स्‍टेशनों पर ट्रेन रुकेगी फफूंद इटावा टुंडला हाथरस अलीगढ़ खुर्जा दादरी गाजियाबाद नई दैनिक रेल सेवा यात्रियों को कानपुर और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के बीच रेल यात्रा का एक अतिरिक्त विकल्प प्रदान करेगी, जिसमें दोनों दिशाओं में सुविधाजनक रात्रिकालीन यात्रा विकल्प उपलब्ध होंगे। यात्री संपर्क बेहतर होगा नई दैनिक मेल सेवा आरंभ होने से कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार टर्मिनल के बीच रेल संपर्क बेहतर होगा, साथ ही यात्रियों को रात भर की यात्रा का विकल्प और मार्ग में पड़ने वाले महत्वपूर्ण स्टेशनों का संपर्क मिलेगा। यह सेवा कानपुर, इटावा, अलीगढ़, गाजियाबाद और दिल्ली क्षेत्र के बीच आवागमन की सुविधा प्रदान करेगी, जिससे इस महत्वपूर्ण रेल गलियारे में यात्रियों की आवाजाही सुगम होगी। *** पीके/केसी/आरटी/एकेवी/पीके