सेवा संकल्प अभियान : कहानी बदलाव की
Reporter: हरियाणा जनसंपर्क
सेवा संकल्प अभियान : कहानी बदलाव की
प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम से तपेंदर बना आत्मनिर्भर
-आर्थिक अभाव के बीच रोजगार शुरू करने का सपना
-35 प्रतिशत अनुदान से मिली आर्थिक मदद
-जिला एमएसएमई कार्यालय के सहयोग से आसान हुई आवेदन प्रक्रिया
-स्वरोजगार से बनी आजीविका की नई राह
-युवाओं के लिए प्रेरणादायक बनी सरकारी योजना
Posted On:
23 Sep 2026 5:39PM
होडल, 23 सितंबर। होडल निवासी तपेंदर पुत्र सीताराम के मन में अपना रोजगार शुरू कर आत्मनिर्भर बनने का सपना था, लेकिन आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण वे अपने इस सपने को साकार नहीं कर पा रहे थे। ऐसे समय में केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना उनके लिए उम्मीद की किरण बनकर सामने आई। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत तपेंदर ने अपना रोजगार शुरू करने के लिए ऋण के लिए आवेदन किया। योजना के अंतर्गत उन्हें 35 प्रतिशत अनुदान का लाभ मिला। इस आर्थिक सहायता से उनके लिए अपना रोजगार शुरू करना आसान हुआ और पूंजी की कमी दूर हुई।तपेंदर बताते हैं कि जिला सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम कार्यालय की ओर से उन्हें योजना की प्रक्रिया समझाने के साथ-साथ बैंक से संबंधित आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने में भी सहयोग मिला। विभाग के अधिकारियों के मार्गदर्शन से ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया उनके लिए काफी आसान रही। उन्होंने बताया कि सरकारी विभाग से मिले सहयोग ने उन्हें अपना रोजगार शुरू करने में महत्वपूर्ण मदद दी। ऋण के माध्यम से प्राप्त धनराशि का उपयोग कर तपेंदर ने अपना रोजगार शुरू किया। आज उनका रोजगार उनके परिवार के लिए आजीविका का महत्वपूर्ण साधन बन चुका है। वे रोजगार से होने वाली आमदनी से परिवार का जीवन यापन करने के साथ-साथ ऋण की किस्तों का भुगतान भी कर रहे हैं। इससे उनके अंदर आत्मनिर्भरता और आर्थिक स्थिरता का विश्वास मजबूत हुआ है।तपेंदर का कहना है कि आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण जो युवा अपना काम शुरू नहीं कर पाते, उनके लिए प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम जैसी योजनाएं बेहद उपयोगी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा युवाओं को स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध करवाना सराहनीय कदम है। उन्होंने रोजगार शुरू करने में सहयोग देने के लिए सरकार, जिला प्रशासन एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग का तहेदिल से धन्यवाद किया।फोटो परिचय--06--।000
*****
(Release ID: 7101)