*भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन ने फरीदाबाद हाफ मैराथन में भाग लेने की अपील की* *27 सितंबर को सूरजकुंड में होगा आयोजन, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दिखाएंगे हरी झंडी* Posted On: 23 Sep 2026 9:04PM *फरीदाबाद, 23 सितंबर।* भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन ने फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 में अधिक से अधिक लोगों से भाग लेने की अपील की है। उन्होंने अपने संदेश के माध्यम से नागरिकों, युवाओं और खेलप्रेमियों से 27 सितंबर को सूरजकुंड में आयोजित होने वाली फरीदाबाद हाफ मैराथन का हिस्सा बनने तथा स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त समाज के संदेश को मजबूत करने का आह्वान किया। क्रिकेटर शिखर धवन ने कहा कि दौड़ केवल फिटनेस का माध्यम नहीं है, बल्कि यह लोगों को एक सकारात्मक उद्देश्य के लिए एकजुट करने का भी प्रभावी माध्यम है। उन्होंने युवाओं से खेलों और शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 का आयोजन 27 सितंबर को सूरजकुंड में किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शिरकत करेंगे और हाफ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। आयोजन का मुख्य संदेश ‘नशामुक्त हरियाणा’ है, जिसके माध्यम से युवाओं एवं आमजन को नशे से दूर रहने, फिटनेस अपनाने और खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने का संदेश दिया जाएगा।मैराथन में 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 21 किलोमीटर की विभिन्न श्रेणियां रखी गई हैं। जिला प्रशासन द्वारा आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं तथा विभिन्न विभागों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आयोजन में बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं, खिलाड़ियों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों के भाग लेने की उम्मीद है।जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस आयोजन से जुड़कर स्वस्थ जीवनशैली, खेल भावना और नशामुक्त समाज के संकल्प को मजबूत करें।   *****   (Release ID: 7127)